250 लोगों को लगाया गया कोरोनारोधी टीका
जटहां बाजार ( कुशीनगर)। विशुनपुरा सीएचसी में शुक्रवार को कोविड का टीका लगवाने के लिए आए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। यहां रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर इतनी अव्यवस्था रही कि लोग परेशान थे। वहीं, 250 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। वहीं, सामाजिक दूरी का पालन न करने की वजह से संक्रमण फैलने का अंदेशा बना रहा। इस सीएचसी में 18 एवं 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण किया जा रहा था। दो काउंटर बनाए गए थे, लेकिन रजिस्ट्रेशन कराने के लिए लोग धक्का-मुक्की करते देखे गए। हालांकि शुक्रवार को सीएमओ डॉ. नरेंद्र प्रसाद गुप्ता भी निरीक्षण करने आए थे। उसके बाद भी स्थिति नहीं सुधरी। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक करीब 250 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। संवाद