कसया। थाना समाधान दिवस में शनिवार को डीएम उमेश मिश्रा व एसपी धवल जायसवाल ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। डीएम ने राजस्व और पुलिस विभाग के कर्मचारियों को आपसी तालमेल से काम करने और शिकायतों के निस्तारण का आदेश दिया। परसौनी गांव के मुकुंदहा गांव में 25 साल से बैनामे की जमीन पर कब्जे के विवाद को डीएम ने आधा घंटा में समाधान करा दिया।
परसौनी मुकुंदहा निवासी लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि उन्होंने 1999 में आबादी से किनारे जमीन बैनामा ली। इस पर दूसरे लोगों ने कब्जा कर लिया है। इसके लिए हाईकोर्ट तक गए। बावजूद जमीन से कब्जा खाली नहीं हो सका। थाना समाधान दिवस में डीएम के सामने मामला पहुंचा तो मौके पर टीम भेजकर दोनों पक्षों से वार्ता के बाद विवाद का निस्तारण करा दिया। खेदनी निवासी रमेश कुशवाहा ने बताया कि दीवानी न्यायालय ने अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया है। फिर भी पुलिस का चक्कर लगाना पड़ रहा है। इसके लिए 20 बार थाने पर जा चुकी हूं। एसपी ने कोर्ट के आदेश का पालन कराने का निर्देश दिया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंकिता जैन, सीओ कुंदन सिंह, तहसीलदार धर्मवीर सिंह, राजस्व निरीक्षक शिव मुरारी लाल, बृजेश मणि त्रिपाठी, नीलेश रंजन राव मौजूद रहे।