प्रेरणा पोर्टल के अनुसार जिले के परिषदीय विद्यालयों में नामांकित हैं 2,55,566 विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। परिषदीय स्कूलों में अध्ययनरत जनपद के 2.55 लाख विद्यार्थियों को शीघ्र ही डीबीटी की धनराशि भेज दी जाएगी। इससे अभिभावक अपने पाल्यों के लिए यूनिफार्म, जूता-मोजा और बैग की खरीदारी करेंगे। हालांकि, अभी 6,844 विद्यार्थियों का आधार वेरीफाई नहीं हो सका है। इसके चलते इन्हें डीबीटी की धनराशि पाने के लिए थोड़ी प्रतीक्षा करना पड़ेगी। परिषदीय विद्यालयों में नामांकित 13,000 नए विद्यार्थियों का अभी तक आधार ही नहीं बन सका है। उनका आधार बनाने के लिए विभाग सक्रिय है। कुशीनगर जिले में 2464 परिषदीय विद्यालय संचालित होते हैं। इसके अलावा 54 वित्तपोषित जूनियर, 55 वित्तपोषित माध्यमिक और 19 राजकीय विद्यालय संचालित होते हैं। इन विद्यालयों के प्रेरणा पोर्टल पर नए सत्र में 2,55,566 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। इनमें से सभी को डीबीटी योजना के तहत जूता, मोजा, बैग, ड्रेस आदि की खरीदारी के लिए सरकार की तरफ से धनराशि दी जाती है।
प्रेरणा पोर्टल पर प्रदर्शित कुल विद्यार्थियों में से 2,31,650 की सभी विभागीय प्रक्रियाएं पूरी कर डीबीटी योजना का लाभ दिलाने की तैयारी शुरू कर दी गई है, अब तक आधार वेरीफाई नहीं होने से 6,844 छात्रों का आधार कार्ड नहीं बने हैं। इन विद्यार्थियों का आधार वेरीफाई कराया जा रहा है।
हालांकि, परिषदीय विद्यालयों में नामांकित 13000 छात्र-छात्राएं ऐसे हैं, जिनके पास अभी तक आधार ही नहीं हैं। ऐसे विद्यार्थियों का आधार बनाने के लिए जिले के सभी बीईओ कार्यालय में आधार बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
कोट
प्रेरणा पोर्टल पर परिषदीय विद्यालयों में नामांकित कुल 2,55,566 विद्यार्थी हैं। इसमें से 2,31,650 विद्यार्थियों को डीबीटी योजना का लाभ दिलाने के लिए सभी विभागीय प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। शीघ्र ही उनके अभिभावकों के खाते में धनराशि भेज दी जाएगी। विद्यालयों में नामांकित 13,000 ऐसे नए विद्यार्थियों के पास आधार कार्ड ही नहीं है। इनके आधार बनाने के लिए सभी बीईओ पर व्यवस्था की गई है। अन्य विद्यार्थियों को भी डीबीटी योजना का लाभ शीघ्र दिलाने की कार्रवाई चल रही है।
-डॉ. राम जियावन मौर्या, बीएसए, कुशीनगर।