बरवापट्टी। नारायणी नदी में जलस्तर में अचानक वृद्धि से अमवाखास के टोला खैरटिया में बाढ़ का पानी घुस गया है। नदी के किनारे बसे गांव के 12 घरों में पानी घुसने के बाद, बीच में बना सड़क रूपी छोटा बांध भी रिसाव के कारण टूट गया। शाम पांच बजे बांध टूटने से पश्चिम दिशा में बने 11 और घरों में पानी भर गया। कुल 23 घर बाढ़ की चपेट में आ गए। मंगलवार को प्रशासन द्वारा प्रभावितों के लिए चिकित्सा व्यवस्था और भोजन की आपूर्ति सुनिश्चित की गई। टूटे हुए छोटे बांध की मरम्मत का कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। इसका कारण यह बताया जा रहा है कि नदी का जलस्तर लगातार कम हो रहा है और पश्चिमी दिशा में घुसा पानी वापस नदी में चला जाएगा। वाल्मीकिनगर बैराज से गंडक नदी में इस सीजन का सर्वाधिक 5.435 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। डिस्चार्ज में कमी दर्ज की जा रही है लेकिन नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।