पटहरेवा में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के भीतर महिला के झोले से 20 हजार रुपये चोरी हो गए। सोमवार की दोपहर हुई घटना से बैंक में खलबली मच गई। महिला की सूचना पर पुलिस छानबीन कर रही है। कर्ज चुकाने के लिए महिला बैंक से रुपये निकालने गई थी।
पटहेरवा के नौका टोला की ऊषा देवी पत्नी गुड्डू चौहान सोमवार की दोपहर बैंक में रकम निकालने गईं। तभी भोजन का अवकाश होने से कर्मचारी उठ गए। वह काफी देर तक बैंक में बैठकर कर्मचारियों के लौटने का इंतजार करती रहीं। करीब तीन बजे कैशियर ने उनको दो-दो सौ रुपये के नोट देकर बीस हजार का भुगतान किया।
रुपये को ऊषा देवी झोले में रख लिया। इस बीच किसी ने उनका झोला काटकर नकदी चुरा ली। रुपये चोरी होने पर महिला बैंक में ही रोने लगी। लोगों ने समझाकर थाने भेजा। मामले की जानकारी पाकर पुलिस पहुंची तो सीसीटीवी फुटेज देखा गया।
इस दौरान महिला के पास दो बच्चे खड़े नजर आए। आशंका जताई जा रही है कि उन्हीं दोनों ने किसी धारदार चीज से झोला काटकर रुपये चुरा लिए थे।इस संबंध प्रभारी निरीक्षक गिरीजेश उपाध्याय ने बताया मामला संज्ञान में है। इसकी छानबीन की जा रही है।