संवाद न्यूज एजेंसी
सुकरौली। हाटा कोतवाली के बेलही में बृहस्पतिवार को एक बाइक सवार ने कार में ठोकर मार दी। इस घटना में बाइक चालक और उस पर बैठा एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायलों को उपचार के लिए नजदीक के सुकरौली पीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए गोरखपुर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हाटा कोतवाली के सुकरौली बंचरा रोड पर बेलही गांव के समीप बृहस्पतिवार को बंचरा की तरफ से एक तेज रफ्तार बाइक आ रही थी। पुल के पास मुड़ रही एक कार में बाइक ने ठोकर मार दी। इस घटना में बाइक सवार हाटा कोतवाली के परसिया गांव के रहने वाले करीब 30 वर्षीय उपेंद्र और 25 वर्षीय करन गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल में जुट गई। वहीं, घटना का सीसीटीवी फुटेज दिनभर वायरल होता रहा।