संवाद न्यूज एजेंसी
कसया। नगर के अलग-अलग स्थानों पर रविवार को हुई सड़क दुर्घटना में दो लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोग घायलों को कसया सीएचसी भेजवाए, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर एक को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर और दूसरे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पहली सड़क दुर्घटना सपहां रोड स्थित टैक्सी स्टैंड और दूसरी दुर्घटना रोडवेज बस स्टेशन के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक, नगर के वार्ड नंबर 24 सुभाष नगर निवासी मोतीलाल मद्धेशिया (50) किसी कार्य से तुर्कपट्टी गए थे। वहां से वह टेंपो से कसया आ रहे थे। सपहां रोड स्थित टेंपो स्टैंड पर उतर कर वह सड़क पार करने लगे। उसी समय एक बाइक की चपेट में आ गए। इससे मोतीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोगों ने उन्हें कसया सीएचसी भेजवाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर दिया। वहां उनका इलाज चल रहा है।
इसी तरह नगर के रोडवेज बस स्टेशन के पास डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर निवासी कृष्णा (18) बाइक से किसी को छोड़ने बस स्टेशन जा रहे थे। अभी वह बस स्टेशन के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे बाइकसवार से टक्कर हो गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने उन्हें कसया सीएचसी भेजवाया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।