हाटा (कुशीनगर)। विकासखंड के गांव पटना मिश्रौली में बार बार ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण गांव के लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही है। इस वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी और अंधेरे में रात गुजारनी पड़ रही है। पटना मिश्रौली गांव में 63 केवीए का ट्रांसफार्मर अभी एक सप्ताह पहले बदला गया था, जो रविवार की दोपहर में फिर से जल गया। गांव के लोगों का कहना है कि क्षमता से अधिक लोड होने से ट्रांसफार्मर बार-बार जल जा रहा है। इस गांव के फूलबदन शर्मा, रामदेव तिवारी, गुलाब, बच्चा मणि, पूनम देवी, रामजी कुशवाहा, आयशा बानो, राम आशीष कुशवाहा, धनराजी देवी, स्वागतम मणि, रामदीन कुशवाहा, परशुराम कुशवाहा ने ट्रांसफार्मर जल्द ठीक कराने की मांग की है।