प्रथम पाली में 4,977 और दूसरी पाली में पंजीकृत थे 553 परीक्षार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। उप्र मदरसा शिक्षा परिषद लखनऊ की तरफ से संचालित सेकेंड्री, सीनियर सेकेंड्री, कामिल और फाजिल की वार्षिक परीक्षा बुधवार को सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गई। परीक्षा के अंतिम दिन प्रथम पाली में 4,977 और दूसरी पाली में 553 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 1,694 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विनय कुमार ने बताया कि बुधवार को हुई प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 4,977 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 3,343 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल, जबकि 1,634 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसी तरह दूसरे पाली की परीक्षा में कुल 553 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 493 परीक्षार्थी दिए, जबकि 60 परीक्षार्थी ने छोड़ दी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के अंतिम दिन प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए नामित अधिकारी, विशेष सचिव आनंद कुमार सिंह ने बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्या के साथ मदरसा मिस्बाहुल उलूम पिपरा रज्जब फाजिलनगर, मदरसा इस्लामिया मकतब अहलादपुर, मदरसा जामिया रजिविया शमसुल उलूम, मदरसा दारूल उलूम अन्जुमन इस्लामिया कसया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किसी भी परीक्षा केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ाया। सभी परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा सम्पन्न हो गई।
सुधीर कुमार मिश्र