कसया। दो दिन पूूर्व बुद्ध पीजी कॉलेज में छात्र संघ उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान अमर्यादित क्रियाकलापों के बाबत नोटिस जारी होने से नाराज छात्रसंघ के पदाधिकारी शुक्रवार को प्रशासनिक भवन पर पहुंच गए और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस के हस्तक्षेप और छात्रसंघ की ओर से नोटिस का जवाब देने के बाद मामला शांत हुआ।
30 जनवरी को छात्र संघ उद्घाटन समारोह के बाद रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान कुछ अमर्यादित क्रियाकलापों का संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने कॉलेज से जानकारी मांगी। प्राचार्य डॉ. अमृतांशु शुक्ल ने छात्रसंघ के पदाधिकारियों को नोटिस जारी कर दिया। इससे नाराज छात्रों ने प्रशासनिक भवन पर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मामले को शांत कराने के लिए चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार मिश्र पहुंचे, लेकिन बात नहीं बनी। बाद में इंस्पेक्टर सुशील कुमार शुक्ल ने कॉलेज प्रशासन और छात्र नेताओं के बीच वार्ता कराकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया। अंत में जब छात्रसंघ की ओर से नोटिस का जवाब देने के बाद मामला शांत हो सका। प्राचार्य डॉ. अमृतांशु शुक्ल ने बताया कि नोटिस का जवाब छात्रसंघ की ओर से मिल गया है। आरोप को निराधार बताते हुए इस तरह की गतिविधि से इंकार किया गया है।