जेवर चुराते पकड़ी गई महिला
सूचना पर पहुंची पुलिस ने हिरासत में लिया
तमकुहीरोड। सेवरही कस्बे में गुरुवार को ग्राहक बन कर पहुंची महिला को जेवर चुराते लोगों ने पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। लोगों का कहना था कि तीन-चार दिन से यह महिला कई दुकानों से जेवर गायब कर चुकी है। सेवरही कस्बे में शाम को महिला पटेलनगर स्थित आभूषण की दुकान पर लॉकेट और पायल खरीदने पहुंची थी, लेकिन जब दुकानदार आभूषण दिखाने में व्यस्त था। उसी दौरान महिला ने लॉकेट चुरा लिया और कम वजन वाला दूसरा लॉकेट वापस करने लगी तो दुकानदार का माथा ठनका और अपना आभूषण मांगने लगा। महिला उस समय तक खुद को सही साबित करने की कोशिश करती रही। इस दौरान भीड़ जमा हो गई। भीड के तेवर देख महिला ने वास्तविक जेवर दुकानदार को दे दिया। उसी दौरान दूसरा दुकानदार भी मौके पर पहुंच गया और उसने भी महिला पर जेवर चुराने का आरोप लगाया। महिला ने उसका भी जेवर लौटा दिया। मौके पर पहुंचे एसआई अजीत यादव और महिला आरक्षी ने उसको हिरासत में ले लिया और फिर थाने चले गए।