मदरसा बोर्ड की वार्षिक परीक्षा 11 फरवरी से
पडरौना। मदरसा शिक्षा परिषद की वार्षिक परीक्षा 11 फरवरी से शुरू होगी। जिले में कुल 22 केंद्रों पर दो फरवरी तक परीक्षा चलेगी। डीएम डॉ. अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मदरसा शिक्षा परिषद की मुंशी, मौलवी, कामिल और फाजिल की वार्षिक परीक्षा 11 फरवरी से दो मार्च तक दो पालियों में होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह आठ बजे से 11 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक होगी। इसमें जिले के कुल 8845 परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए पड़रौना, कसया, हाटा, तमकुहीराज और कप्तानगंज के एसडीएम को सेक्टर मजिस्ट्रेट और बीएसए, डीआईओएस, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी को स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला बचत अधिकारी को सचल दल नियुक्त किया गया है।