दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के बतरौली धुरखड़वा गांव के बनवा टोला में रविवार को आग लग गई। आग से 14 झोपड़ियां, 15 कट्ठा गेहूं की फसल राख हो गई। आग बुझाते समय घरों में रखे छह रसोई गैस सिलिंडर बारी-बारी से फटने लगे। आग बुझा रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। भागते समय किशोर झुलस गया। दो बकरियों की मौत हो गई। चिंगारी से पास के गेहूं की खेत में आग पकड़ ली। सिलिंडर फटने के कारण आग बुझाने के बजाए दूर से ही लोग शोर मचाते रहे। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। आगलगी की घटना में दस लाख से अधिक का नुकसान बताया जा रहा है। सूचना पर पहुंचे राजस्वकर्मियों ने क्षति की रिपोर्ट तैयार की।
तमकुहीराज तहसील के बतरौली धुरखड़वा वनवा टोला में केश्वर यादव के घर में रविवार दोपहर करीब एक बजे आग लग गई। तेज पछुवा हवा से आसपास के की घरों में आग पकड़ ली। आग इतनी तेजी से फैली कि लोग जान बचाकर झोपड़ी से भागने लगे। आग बुझाने के दौरान एक-एक कर छह रसोई गैस सिलिंडर फट गए और आग की चिंगारी से गेहूं के खेत में आग पकड़ ली। सिलिंडर विस्फोट के बाद आग बुझा रहे लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान दस वर्षीय गौतम यादव झुलस गया। आग में नंद प्रसाद यादव, लालबहादुर यादव, अमरजीत यादव, भीमल यादव, केश्वर यादव, सुरेश यादव, बुद्धु चौहान, छेदी चौहान, योगेंद्र चौहान, अमरजीत चौहान, ओमप्रकाश गिरी, रवींद्र तिवारी समेत 14 लोगों रिहायशी झोपड़ियां राख हो गईं।
आग कि लपटें इतनी तेज थीं कि आग पर काबू पाना मुश्किल था। घर में रखे कपड़े, राशन, नकदी, पंपिंग सेट और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। गांव के बिजयी पाल, जनार्दन पाल की करीब 15 कट्ठा गेहूं की फसल जल गई। एक किसान की गन्ने की फसल भी जल गई है। आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड का वाहन पहुंचा। लेकिन, रास्ता भटकने के कारण देरी से वाहन पहुंच सका। इस बाबत एसडीएम विकास चंद ने बताया कि आगलगी की घटना में नुकसान की रिपोर्ट राजस्वकर्मियों से मांगी गई है। शासन से मिलने वाली सहायता दी जाएगी।
एक एकड़ गेहूं की फसल राख
अहिरौली बाजार/तरयासुजान। अहिरौली बाजा थाना क्षेत्र के गांव लेहनी प्रथम में रविवार को गेहूं की फसल में आग लग गई। किसानों की करीब एक एकड़ फसल जलकर राख हो गई। गांव वाले खेत की तरफ दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
थाना क्षेत्र के गांव लेहनी निवासी चंद्रिका शर्मा, प्रेमसागर, लखीचंद, वीरेंद्र, संजय, राधे, टिंकू, मालती, जितेंद्र, रंजीत, इसरावती के गेहूं के खेत में रविवार की दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गेहूं की एक एकड़ फसल को अपरी आगोश में लेकर जलाकर राख कर दिया। खेत की तरफ से निकल रहे धुएं को देख अन्य किसान मौके की तरफ दौड़ पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद गांववालों ने आग पर काबू पाया। इस घटना की जानकारी मिलते ही लेखपाल राजू भारती मौके पर पहुंचे और जली हुई गेहूं के फसल का आकलन किया। उन्होंने क्षति की पूरी जानकारी लेने के बाद रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन को भेज दी। तरयासुजान थाना क्षेत्र के दनियाड़ी निवासी अकबर पुत्र गुलजार के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में बिजली की शार्ट सर्किट से आग लग गई। इसमें चार कट्ठा गेहूं की फसल व एक झोपड़ी जलकर राख हो गई। गांव के लोगों ने बिजली विभाग को इसकी सूचना देकर आपूर्ति को बंद कराया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।