तुर्कपट्टी। चित्र तो सभी बना लेते हैं, लेकिन अच्छे चित्रकार की कृति समाज व देश के लिए उदाहरण बन जाती है। ठीक उसी प्रकार विद्यालय तो बहुत हैं, लेकिन जहां से निकले छात्र जिला, प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा से उच्चतम कीर्तिमान गढ़ते हैं। वह विद्यालय और वहां के शिक्षक अविस्मरणीय उदाहरण बन जाते हैं।
ये बातें सांसद विजय कुमार दुबे ने कहीं। वे आस्तित्व पुरम तुर्कपट्टी छहूं में संचालित चिल्ड्रेन पब्लिक इंटर कॉलेज में रविवार को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को संबाेधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा नीति में जो बदलाव किए हैं, इससे देश में शिक्षा के स्तर में और अधिक सुधार होगा। फाजिलनगर विधायक सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि देश की शिक्षा में महिलाओं का हमेशा से अधिक योगदान रहा है। कुशीनगर की आकांक्षा ने पूरे देश में जनपद का नाम रौशन किया है। कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, किसान मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम पांडेय, राजन शुक्ला, राकेश जायसवाल, चंद्र प्रकाश यादव चमन, दिवाकर मणि ने संबोधित किया। इस मौके पर विद्यालय के छात्र- छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत के अलावा कई अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके बाद वर्ष 2023 में यूपी बोर्ड की इंटर की परीक्षा में प्रदेश 8वां व जिले में दूसरा स्थान लाने वाले अभय कुमार गुप्ता, प्रदेश में 10वां और जिले में संयुक्त रूप से तीसरा स्थान लाने वाली जया शर्मा व निशा पटेल के अलावा हाई स्कूल की परीक्षा में प्रदेश में 9वां और जिले में प्रथम स्थान लाने वाले यश वर्मा सहित कुल 136 छात्र एवं छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न के साथ प्रदेश में स्थान लाने वाले विद्यार्थियों को 21 हजार और जिले में स्थान लाने वाले विद्यार्थियों को 21 सौ रुपये देकर सम्मानित किया गया। अंत में विद्यालय के प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया और आगंतुकों का आभार जताया। संचालन मजीबुल्लाह राही ने किया। इस दौरान शक्ति प्रकाश पाठक, विद्याधर ओझा, राणा सिंह, व्यास राय, दिलीप राय आदि मौजूद रहे।