पडरौना। पुलिस की सख्ती के बाद शराब तस्कर नए-नए तरीके आजमा रहे हैं। बुधवार देर रात पुलिस ने दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को रामकोला रोड से गिरफ्तार किया। पश्चिमी चंपारण के रहने वाले शराब तस्कर बिना नंबर प्लेट के डंपर से मिट्टी में छिपाकर पडरौना के रास्ते 125 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब लेकर बिहार जा रहे थे। इसके पहले रामकोला पुलिस ने ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली में छिपाकर ले जा रहे शराब के साथ तस्करों को गिरफ्तार किया था।
पुलिस लाइन में एसपी संतोष कुमार मिश्रा ने प्रेसवार्ता में बताया कि पडरौना कोतवाली पुलिस ने रामकोला रोड से एक बिना नंबर के मिट्टी लदे डंपर को रोका। कागज मांगने पर चालक टाल-मटोल करने लगा। संदेह होने पर पुलिस डंपर को कोतवाली ले गई। पुलिस की पूछताछ में चालक और उसके साथी आसपास के किसी गांव का नाम नहीं बता पा रहे थे। पुलिस ने सख्ती की तो तस्करों ने सच्चाई उगल दी। डंपर में मिट्टी के अंदर 125 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब होने की बात कही। पुलिस ने डंपर से शराब बरामद की।
पकड़े गए तस्करों की पहचान पश्चिमी चंपारण जिले के पिपरासी थाना क्षेत्र के विशुनपुरवा गांव के रहने वाले पप्पू यादव और बृजेश शर्मा के रूप में हुई। आरोपियों ने पुलिस को तरीका बदलकर हो रही शराब की तस्करी के बारे में अहम जानकारी दी है। उसके आधार पर पुलिस टीम कार्य कर रही है। दोनों तस्करों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जेल भिजवा दिया। डंपर चोरी का है या तस्करों का, इसकी जांच पुलिस कर रही है। शराब की खेप बिहार के मुजफ्फरपुर लेकर जा रहे थे।
-
पुलिस को ऐसा हुआ संदेह
खड्डा या रामकोला की तरफ से आने वाले लोडेड वाहन नहर के रास्ते निकल जाते हैं। लेकिन मिट्टी लदा डंपर शहर में देख पुलिस को संदेह हुआ। पूछने पर चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन का कागज मांगा, कागज भी दिखाने में चालक हिचकने लगा और शहर के आसपास के किसी गांव या मोहल्ले का नाम नहीं बता पाया। पनियहवा के रास्ते तस्कर डंपर लेकर जिले में दाखिल हुए थे, लेकिन खड्डा, हनुमानगंज पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी।