तमकुहीरोड। 12 दिन बाद तुमकुहीरोड स्टेशन से सोमवार को फिर डेमू ट्रेन का संचालन शुरू हो गया। ट्रेन के फिर चलने पर यात्रियों ने खुशी जताई है।
कप्तानगंज-थावे रेलमार्ग पर नियमित चार चक्कर लगाने वाली डेमू ट्रेन को पूर्वोत्तर रेलवे ने आठ अगस्त को अपरिहार्य कारणों से अग्रिम आदेश तक के लिए रद्द कर दिया था। इससे यह रूट पूरी तरह से बंद हो गया था, क्योंकि इस रूट में दूसरी कोई ट्रेन नहीं है। ट्रेन के बंद होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गयी थी। इस रूट के स्टेशनों पर दुकान लगाकर और ट्रेन में फेरी लगाकर रोजी रोटी कमाने वाले लोग भी परेशान थे। बहरहाल, सोमवार से ट्रेन फिर से चलने लगी। इस पर यात्री अशोक वर्मा, देवचंद प्रसाद, जयंत गुप्ता, विजय मोदनवाल, विनोद वर्मा, सीताराम गुप्ता, त्रिलोकी प्रसाद, श्रीराम आदि ने ख़ुशी जताई है।