पडरौना। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बुधवार को रामकोला और कप्तानगंज कस्बे में छापेमारी की। एसडीएम की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई के दौरान रामकोला की एक दुकान में एक्सपायरी डेट का वनस्पति व सरसों का तेल मिला। सैंपलिंग के बाद शेष सामान नष्ट कराया गया। कप्तानगंज में आईसक्रीम बनाने वाले तीन कारखानों पर छापेमारी किया गया। यहां एक कारखाने को सीज कर दिया गया। रामकोला प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार को खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले एक थोक विक्रेता के यहां छापेमारी हुई। यहां बड़ी संख्या में बिना ब्रांड व एक्सपायरी डेट वाले सरसों के तेल व वनस्पति घी मिलने की बात कही जा रही है। सेंपलिंग के बाद शेष सामान नष्ट कराया गया। एसडीएम प्रमोद कुमार के साथ जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम औतार सिंह यादव की अगुवाई में यह कार्रवाई हुई। दोनों अधिकारियों ने बताया कि सेंपलिंग की जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी। कप्तानगंज प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार को एसडीएस ने कस्बे के तीन आइस्क्रीम बनाने वाले कारखानों पर छापेमारी की। इसमें से एक पास कोई वैध कागज नहीं होने के चलते सीज किया गया। शेष दो कारखानों से आईसक्रीम की सैंपलिंग की गई।