कुबेरस्थान/पकड़ियार बाजार। बुधवार को आगलगी की घटनाओं में 11 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के ग्राम सखवनिया शिवराजपुर की मलीन बस्ती में बुधवार की दोपहर बाद करीब ढाई बजे अज्ञात कारण से आग लग गई। इसके चपेट में आने से गांव के दस लोगों की झोपड़ी और उसमें रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। आग लगने का शोर सुनकर पहुंचे गांव के लोगों ने तत्परता दिखाई और किसी तरह आग पर काबू पाया। सिरसिया बुजुर्ग गांव में मंगलवार की रात शार्ट सर्किट से एक झोपड़ी में आग लग गई। इससे झोपड़ी समेत उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। जबकि एक भैंस की मौत हो गई।
सखवनिया शिवराजपुर की मलीन बस्ती में सबसे पहले रामअवध की झोपड़ी में आग लग गई। अभी लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर पड़ोस के रामप्रवेश, राधेश्याम, मोहन, मनीष, संदीप, तामेश्वर, पिंटू, दिनेश और पारस मिस्त्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने का शोर सुनकर पहुंचे गांव के लोगों ने आग बुझाने के लिए काफी देर तक मशक्कत की, तब जाकर किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका। पीड़ित परिवारों ने बताया कि आग लगने से उनकी झोपड़ियों और उसमें रखे कपड़े, बिस्तर, अनाज आदि जलकर नष्ट हो गए हैं।
सिरसिया बुजुर्ग गांव के कोहड़ा टोला निवासी अयोध्या खरवार बिजली पोल से घर तक केबल लगाए हैं। रात को अचानक शार्ट सर्किट के चलते केबल टूट कर उनकी झोपड़ी पर गिर गया। इसके चलते झोपड़ी में आग पकड़ लिया। आग बग़ल के रामबली खरवार के घर को भी अपनी आगोश में ले लिया। शोर सुनकर पहुंचे गांववालों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। झोपड़ी में बंधी अयोध्या की दो भैंसे झुलस गईं। इसमें से एक की मौत हो गई। जबकि दूसरे का पशु चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। जानकारी पर पहुंचे लेखपाल अमित यादव ने क्षति का आकलन किया।
शॉर्ट सर्किट से बिजली के खंभे में लगी आग
साखोपार। कसया नगर के वीर अब्दुल हमीद नगर में बुधवार की शाम शॉर्ट सर्किट से बिजली के खंभे में आग लग गई। अचानक हुए शॉर्ट सर्किट से वहां अफरातफरी मच गई। 30 मिनट तक खंभे पर केबल में आग लगी रही। इससे आवागमन भी बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने बिजली निगम को सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद कर्मचारियों ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने का कारण पोल पर लगे इंटरनेट के तारों के मकड़जाल व विज्ञापनों के फ्लैक्स बोर्ड का होना बताया जा रहा है।
कसया बिजली निगम के एक्सईएन आरके सिंह ने बताया कि शहर में बिलजी के खंभों पर इंटरनेट केबल और फ्लैक्स बोर्ड लगे हैं। शॉर्ट सर्किट के कारण अक्सर खंभों पर आग लग जा रही है। अभियान चलाकर खंभों से अन्य केबल व फ्लैक्स बोर्ड को हटाया जाएगा।