कुशीनगर में शनिवार को तमकुहीराज तहसील मे संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कुल 107 प्रार्थना पत्र आए, इसमें से नौ मामलों का ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया। तमकुहीराज तहसील सभागार में जिलाधिकारी रमेश रंजन, एसपी धवल जायसवाल, सीडीओ गुजंन दिवेद्वी की अध्यक्षता मे समाधान दिवस आयोजित हुआ।
इसमें राजस्व से संबंधित 53 मामले आए। कुल नौ मामलों का मौके पर ही निस्तारण हो गया। शेष बचे 43 मामलों के गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए डीएम ने संबंधित को समय से पूरा करने का निर्देश दिया। पुलिस से संबंधित 23, विकास से संबंधित 12, अन्य विभाग के 19 मामले आए। इनका मौके पर निस्तारण नहीं हो पाया। पडरौना तहसील में कुल 40 मामले आए, इसमें छह का मौके पर निस्तारण किया गया।
कप्तानगंज प्रतिनिधी के अनुसार स्थानीय तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव और तहसीलदार कृष्ण गोपाल त्रिपाठी के नेतृत्व में हुआ। इसमें कुल 34 मामले आए। राजस्व के 29, पुलिस विभाग के दो अन्य विभाग के तीन मामले आए। इसमें से चार मामलों का निस्तारण मौके पर हुआ। खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार तहसील समाधान दिवस एसडीएम खड्डा भावना सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें कुल 31 मामले आए, मौके पर चार का निस्तारण कर दिया गया। शेष मामले संबंधित विभाग को समयावधि के अंदर निस्तारित करने के लिए निर्देशित किया गया।
डीएम और एसपी के सामने प्रमुख मामले यह रहे
जिलाधिकारी रमेश रंजन और एसपी धवल जायसवाल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस तहसील तमकुहीराज सभागार में आयोजित की गई। इसमें 107 लोगों ने अपनी समस्या लेकर आए थे। इसमें भूमि विवाद, खतौनी में नाम दर्ज नहीं, पट्टे की भूमि का अतिक्रमण, सरकारी जमीन पर कब्जा, घरेलू विवाद, मारपीट, राशन कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, आवास, सामुदायिक शौचालय सहित अन्य मामले आए। इसमें से मौके पर नौ का निस्तारण कर दिया गया। 98 मामले को संबंधित को समय से निस्तारण करने का निर्देश दिया।
डीएम ने किया तहसील का निरीक्षण
तमकुहीराज तहसील समाधान दिवस में आए जिलाधिकारी ने तहसील परिसर स्थित ग्राम न्यायालय का भी निरीक्षण किया। जहां उन्होंने विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई, पेंटिंग सहित अन्य चीजों के लगाए जाने के लिए उप जिलाधिकारी तमकुही राज व्यास नारायण को निर्देशित किया। इस अवसर पर एसपी धवल जायसवाल, सीडीओ गुंजन दिवेद्वी, सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया, परियोजना निदेशक जगदीश त्रिपाठी, एडीएम व्यास नारायण अन्य अधिकारी मौजूद रहे।