पडरौना। विश्व योग दिवस के मौके पर जिला मुख्यालय से लेकर ब्लॉक स्तर तक योगाभ्यास का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके लिए नोडल अधिकारियों को नामित करते हुए आयोजन को सफल बनाने का निर्देश दिया गया है। जिला स्तर पर होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम में करीब पांच हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम की व्यवस्था के लिए रजिस्ट्रेशन भी कराया जा रहा है। 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन होना है। योग दिवस को त्योहार की तरह मनाने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से विस्तृत कार्य योजना बनाई गई है। इसे सफल बनाने के लिए जिले स्तर पर डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र को नोडल अधिकारी बनाया गया है। तहसील स्तर पर योग कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एसडीएम और ब्लॉक स्तर पर बीडीओ को नोडल अधिकारी बनाया गया है। 21 जून को होने वाले योग कार्यक्रम की शुरुआत सुबह सात बजे से लेकर आठ बजे तक चलेगा। प्रतिभागियों को सुबह 6.30 बजे तक जिला स्टेडियम पहुंचकर अपना स्थान लेना होगा।जिला उप क्रिडाधिकारी विश्वजीत वासक ने बताया कि 21 जून को आयोजित होने वाले विश्व योग दिवस में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है। अब तक 120 लोगों ने अपना पंजीयन कराया है। उन्होंने बताया कि किसी भी कार्य दिवस के दिन सुबह 10 बजे से लेकर शाम पांच बजे के बीच जिला स्टेडियम में आकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकता है। योग दिवस के दिन आने वाले लोगों को जिला प्रशासन की तरफ से सभी व्यवस्था की जाएगी। उनको अपने साथ कुछ नहीं लाना होगा।नोडल अधिकारी/डीआईओएस उदय प्रकाश मिश्र ने बताया कि 21 जून को विश्व योग दिवस के अवसर पर जिला स्टेडियम में सुबह सात बजे से आठ बजे तक कार्यक्रम का आयोजन होना है। इसमें शामिल होने वाले लोगों के लिए बैठने आदि की समुचित व्यवस्था प्रशासन के तरफ से किया जाएगा। कार्यक्रम में स्कूली बच्चे, अध्यापक, अधिकारी और कर्मचारी शामिल होंगे।