कसया। नगर के होटलों और निजी घरों में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के आरोप में पकड़े गए 10 पुरुषों व 15 महिलाओं समेत 25 लोगों को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने मंगलवार को एसडीएम योगेश्वर सिंह, सीओ कुंदन सिंह के नेतृत्व में छापा मारकर इन्हें गिरफ्तार किया था।
कसया के एसडीएम योगेश्वर सिंह और सीओ कुंदन सिंह ने कसया थाना में बताया कि अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ निरंतर जांच की जाएगी। सभी होटलों व गेस्ट हाउस का पंजीकरण सहित आवश्यक कागजात की जांच की जाएगी। अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि रिद्धि सिद्धि होटल, जैन बिल्डिंग के पास स्थित एक मकान, एसबीआई के सामने स्थित मकान, पुराना थाना के बगल में स्थित एक मकान, कुशीनगर थाई मंदिर के पीछे के एक मकान में अनैतिक देह व्यापार व वैश्यावृति का धंधा चल रहा था। वहां छापा मारकर कन्हैया सिंह निवासी बरवा सेमरा थाना तरकुलवा जनपद देवरिया, अरुण गोविंद राव उर्फ प्रिंस निवासी कठिनहिया थाना रामकोला जनपद कुशीनगर, सचिन तिवारी निवासी जुड़वनिया थाना कसया जनपद कुशीनगर, दीपक यादव उर्फ गोलू निवासी तुर्कपट्टी चौराहा थाना तुर्कपट्टी जनपद कुशीनगर, दीपक जायसवाल निवासी वार्ड नं. 26 अमिय नगर थाना कसया कुशीनगर, रवि सिंह निवासी मुंडेरा थाना तरकुलवा जिला देवरिया, रमेश गुप्ता निवासी अनिरुद्धवा थाना कसया कुशीनगर, शैलेंद्र उर्फ बबलू चौधरी निवासी एकडेरवा थाना कसया जनपद कुशीनगर, नौसाद अली निवासी डिघवा बुजुर्ग थाना कसया जनपद कुशीनगर, पारस गुप्ता थाना कसया जनपद कुशीनगर सहित 15 महिलाओं को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। मौके से कई आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुई थीं। पुलिस ने पकड़े गए युवक व युवतियों पर अनैतिक देह व्यापार अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया। इस कार्रवाई में एसएचओ डॉ. आशुतोष तिवारी, निरीक्षक दिग्विजय नारायण राय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।