बेकाबू बस डिवाइडर से टकराई, 10 घायल
पटहेरवा(कुशीनगर)। पटहेरिया चौराहे हाईवे पार कर रहे बाइक सवार को बचाने के प्रयास में सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे अनियंत्रित निजी बस डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार, बस चालक व सह चालक सहित 10 लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस की मदद से नजदीक के प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया गया जिनमें से पांच घायलों को फाजिलनगर सीएचसी भेजा गया। हादसे के चलते हाईवे का एक लेन करीब एक घंटे तक बाधित रहा। बिहार से मजदूरों को लेकर एक प्राइवेट बस राजस्थान के जयपुर शहर को जा रही थी। पटहेरवा थाना क्षेत्र के सकरा पट्टी निवासी लियाकत अली बाइक से फाजिलनगर की तरफ से आ रहे थे। पटहेरिया चौराहे पर लियाकत सड़क पार कर रहे थे कि इसी दौरान तमकुही की तरफ से निजी बस आ गई। बाइक सवार लियाकत अली के अलावा बस चालक पिंटू सिंह, कंडक्टर भीम सिंह, बबन राय, उर्मिला देवी, धर्मेंद्र कुमार, पवन आदि 10 यात्री घायल हो गए। पटहेरवा पुलिस ने गंभीर रूप से घायल बाइक सवार व बस कहलक समेत पांच लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर पहुंचाया। एसओ मृत्युंजय सिंह, एस आई रत्नेश मौर्य सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने दुर्घटनाग्रस्त बस को किनारे कराकर यातायात बहाल कराया।