पडरौना। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के जोकवा बाजार स्थित मधुरिया पुलिस चौकी के पास एनएच-28 पर बुधवार की शाम किसी वाहन की चपेट में आकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे फाजिलनगर सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना क्षेत्र के महुअवा बुजुर्ग गांव के टोला पुरंदरपुर निवासी अर्जुन यादव (20) बुधवार की देर शाम बाइक से समउर एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। वह अभी मधुरिया पुलिस चौकी के पास पहुंचे ही थे कि किसी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौजूद लोगों ने घटना की सूचना मधुरिया चौकी पुलिस को दी। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस उन्हें फाजिलनगर सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अर्जुन दो भाइयों में बड़े थे। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।