कोखराज कोतवाली क्षेत्र में ससुराल में रहने वाले डीसीएम चालक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
मामले में मृतक के पिता ने ससुराल वालों के खिलाफ बेटे को जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस तहरीर पर मामले की छानबीन में जुट गई है।
नगर पालिका परिषद भरवारी के पं.गिरधारी लाल मेहता नगर निवासी भगवानदीन सोनकर ने अपनी बेटी सपना की शादी तीन साल पहले फतेहपुर के कटोघन निवासी रवि सोनकर (28) के साथ की थी। रवि डीसीएम चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। पिछले दिनों शहजादपुर में उसने घर बनवाया और पत्नी, डेढ़ साल की बेटी के साथ यहां रहने लगा। सपना इन दिनों गर्भ से थी।
उसकी देखभाल के लिए मायके पक्ष के लोग अपने साथ घर ले गए थे। सपना के मुताबिक रवि ने सात मई को फोन करके बताया कि वह कानपुर से माल लोडकर प्रयागराज जा रहा है। आठ मई को सपना को फोन आया कि वह गिरसा के पास बीमार हो गए हैं और पेट में काफी दर्द हो रहा है। इस पर सपना रवि को इलाज के लिए प्रयागराज लेकर जा रही थी। तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। वहीं, घटना की जानकारी पर पहुंचे रवि के पिता नत्थू सोनकर ने तहरीर दी है। मृतक के पिता ने आरोप लगाया कि बेटे के ससुरालवालों ने उसे जहर देकर मार डाला है, जबकि सपना ने तहरीर देकर बताया कि उसके पति की मौत बीमारी से हुई है।