युवक ने फांसी लगाकर दी जान
पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का किया अंतिम संस्कार
पइंसा कोतवाली के मिर्जापुर जवई गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
पइंसा। बद्री केदार मजरा मिर्जापुर जवई गांव में मंगलवार की रात ससुराल से घर लौटे युवक ने खुदकुशी कर ली। बुधवार सुबह घर के भीतर चुल्ले पर फंदे से लटकता हुआ उसका शव मिला। पुलिस को सूचना दिए बगैर घरवालों ने युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मिर्जापुर जवई के मजरा बद्री केदार गांव निवासी रामबाबू (28) मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार की शाम वह पत्नी को छोड़ने के लिए ससुराल रमसहाईपुर गया था। देर रात घर लौटने के बाद कमरे में सोने चला गया। बुधवार सुबह युवक का फंदे पर लटका शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। शोरगुल सुनकर जुटे पड़ोसियों ने शव को फंदे से उतारा। ग्रामीणों में चर्चा है कि पत्नी से झगड़ने के बाद युवक ने खुदकुशी की है। इंस्पेक्टर राम आसरे सरोज ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से इंकार किया है।