बसेड़ी गांव में दिनेश की फांसी से मौत के बाद गमजदा परिजन
घर के अंदर फांसी लाकर युवक ने दी जान
- संदीपनघाट कोतवाली के शोभना गांव में शुक्रवार दोपहर हुई घटना
फोटो नं-39
संवाद न्यूज एजेंसी
चायल/मूरतगंज। संदीपनघाट कोतवाली क्षेत्र के शोभना बसेढ़ी गांव में शुक्रवार दोपहर एक युवक ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। घर में मौजूद रही युवक की बहन ने खिड़की से भाई का शव फंदे से लटका देखा तो चीख पड़ी। घटना की जानकारी पर मोहल्ले के लोग पहुंचे और पुलिस को खबर दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला है। शोभना बसेढ़ी निवासी दिनेश सिंह (23) बंगलुरू में परिवार के साथ रहकर काम करता था। दो महीना पहले ही वह घर आया था जबकि उसकी मां और बड़ा भाई वहीं पर हैं। गांव में दिनेश व उसकी बहन रहते थे। बहन के मुताबिक शुक्रवार सुबह दिनेश अपने कमरे में गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। दोपहर तक दिनेश बाहर नहीं आया तो बहन ने दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर बहन ने खिड़की को धक्का देकर अंदर झांका तो दिनेश का शव फंदे से लटक रहा था। यह देख बहन रोते-बिलखते बाहर आई और पड़ोसियों को जानकारी दी। पड़ोसियों की सूचना पर थानाध्यक्ष राकेश राय भी मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला गया। बहन ने बताया कि दिनेश पिछले कुछ दिनों से किसी बात को लेकर परेशान रहता था। उसने भाई से परेशानी का कारण पूछा लेकिन वह टाल-मटोल करता रहा। थानाध्यक्ष का कहना है दिनेश ने जिस कमरे में फांसी लगाया है वहां से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।