पश्चिमशरीरा। पुलिस हिरासत में एक युवक की हालत अचानक बिगड़ गई। इलाज के लिए उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवक का आरोप है कि रिश्वत नहीं देने पर पुलिस की पिटाई के कारण उसकी हालत खराब हुई है।
पश्चिमशरीरा कोतवाली के सेंगरहा निवासी मोनू पटेल (28) का कहना है कि रविवार की शाम वह बक्सी का पूरा से काम कर अपने घर लौट रहा था। रास्ते में गढ़ी बाजार के पास बैरमपुर चौकी पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। आरोप है कि हेलमेट और वाहन के कागजात नहीं होने पर पुलिस उससे रिश्वत मांग रही थी।
असमर्थता जाहिर करने पर उसे बेरहमी से पीटा गया। इसके बाद कोतवाली लेकर चले गए। कोतवाली में हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल लाया गया। वहीं, एएसपी समर बहादुर ने बताया कि युवक डेढ़ साल पहले चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। चेकिंग के दौरान युवक वाहन के कागज नहीं दिखा सका। ऐसे में पिछले रिकार्ड को देखते हुए संदिग्ध मानकर युवक को कोतवाली लाया गया था। पिटाई अथवा रिश्वत के आरोप निराधार हैं।