कोखराज कोतवाली के सईगंज गांव में बुधवार रात एक महिला की संदिग्ध दशा में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने हत्या का शक जाहिर करते हुए तहरीर पुलिस को दी। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
सईगंज निवासी महेंद्र कुमार की पत्नी सपना चौधरी (40) की बुधवार देर रात संदिग्ध दशा में मौत हो गई। उसका शव घर के भीतर कमरे में पड़ा मिला। मृतका के पति महेंद्र का कहना है कि सपना चार-पांच दिन से बीमार चल रही थी। जिला अस्पताल में उसका इलाज कराया गया।
आराम नहीं मिलने पर बुधवार को कड़ा क्षेत्र में एक ओझा के पास झाड़ फूंक कराने ले गया। शाम लौटने के बाद सपना ने खाना खाया और सो गई। रात में अचानक उसकी मौत हो गई।
सूचना पाकर पहुंचे सपना के दादा अनिल कुमार निवासी डाही नुमाया, एयरपोर्ट, प्रयागराज ने ससुरालियों पर बेटी की हत्या करने का शक जाहिर करते हुए पुलिस को तहरीर दी।
इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह पहुंची कोतवाली पुलिस ने मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल दुर्गेश गुप्ता ने बताया कि मायके वालों के आशंका जाहिर करने पर मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।