सैनी कोतवाली क्षेत्र के अजुहा कस्बे में पानी भरने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि नल पर रखे कपड़े को हटाने की बात कहने पर एक महिला के साथ मारपीट की गई। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अजुहा के वार्ड आठ अमीरता पुर निवासी देवरती पत्नी अर्जुन ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे मोहल्ले में लगे सरकारी पाइपलाइन के नल पर पानी भरने गई थी। उस समय नल पर एक महिला के कपड़े टंगे हुए थे। देवरती का आरोप है कि जब उसने कपड़े हटाने को कहा तो विपक्षी महिला नाराज हो गई और उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।