मोबाइल चोरी का विरोध करने पर महिला को पीटकर मार डाला
-पूरामुफ्ती कोतवाली क्षेत्र के असरापुर गांव में बुधवार सुबह हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
नेवादा। पूरामुफ्ती कोतवाली के असरापुर गांव में बुधवार सुबह मोबाइल चोरी का विरोध करने पर पट्टीदारों ने महिला को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। पति की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
पूरामुफ्ती क्षेत्र के असरापुर गांव निवासी संतलाल सरोज मजदूर है। उसने बताया कि उसका मोबाइल फोन बुधवार सुबह चोरी हो गया। इसकी जानकारी संतलाल की पत्नी सेवती देवी (38) को हुई तो वह देवर रामहित के घर जाकर उसकी बेटी रिंकी पर फोन चोरी करने का आरोप लगाने लगी। इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि बात बढ़ने पर देवर व उसके बेटा संजीत, बेटी रिंकी और पत्नी सुशीला देवी ने लाठी- डंडे से उसे पीट दिया। सेवती की चीख सुनकर लोगों को जुटता देख हमलावर धमकी देते हुए भाग निकले। आननफानन परिजन उसे प्रयागराज के मुंडेरा स्थित निजी अस्पताल ले गए। जहां हालत गंभीर देख डाॅक्टरों ने उसे एसआरएन रेफर कर दिया। करीब दो बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से पीड़ित परिवार में कोहराम है। इंस्पेक्टर इंस्पेक्टर उपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।