सरायअकिल के कटैया घाट पर एनजीटी नियमों के विपरीत यमुना की बीच धारा से बालू खनन करने वाले पट्टेधारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मंगलवार शाम टास्क फोर्स ने घाट पर छापा मारा था। मौके पर अवैध खनन किया जा रहा था। खान निरीक्षक शत्रुघ्न सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पट्टेधारक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
यमुना नदी के कटैया घाट के खंड संख्या 10/19 से 10/21के बालू खनन का पट्टा जावेद मियां के नाम आवंटित है। मंगलवार को सोशल मीडिया पर नदी की बीच धारा से मशीनों के जरिये अवैध बालू खनन का एक वीडियो वायरल हुआ था।
वायरल वीडियो को संज्ञान लेकर खान अधिकारी अजीत कुमार पांडेय, तहसीलदार पुष्पेन्द्र गौतम ने इंस्पेक्टर विनीत कुमार सिंह के साथ घाट पर छापा मारा था। इस दौरान घाट पर नदी की बीच धारा में पोकलैंड से बालू खनन होता मिला था। टास्क टीम ने मौके से दो पोकलैंड,एक जेसीबी तथा एक डंपर पकड़ कर सीज कर दिया था।