सौतन का विरोध करने पर विवाहिता के ससुरालियों ने दहेज की मांग शुरू कर दी। असमर्थता जाहिर करने पर मारपीट कर घर से भगा दिया। बिरादरी की पंचायत में भी बात नहीं बनी तो पीड़िता ने तहरीर देकर पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।
सैनी कोतवाली के सुभाष नगर मोहल्ले की खुशबू देवी की शादी साल भर पहले फतेहपुर जनपद के हुसैनगंज थानांतर्गत मुराइन का पुरवा निवासी अंशुमान के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद अंशुमान उसे साथ लेकर जयपुर चला गया। जाने के बाद पता चला कि अंशुमान ने पहले से ही एक युवती से प्रेम विवाह कर रखा है और वह युवती अक्सर घर आती-जाती थी।
इस पर उसने सौतन का विरोध किया तो पति ने मायके से दो लाख रुपये लाने की जिद करते हुए उसे गांव लेकर चला आया। आरोप है कि इसके बाद अंशुमान ने घर वालों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की और घर से भगा दिया। इस मामले में दोनों परिवारों के बीच बिरादरी की पंचायत हुई पर बात नहीं बनी।
पीड़िता खुशबू ने मामले की शिकायत एसपी से की तो महिला थाना पुलिस ने भी सुलह समझौता का प्रयास किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। बृहस्पतिवार को पीड़िता की तहरीर पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी पति अंशुमान, ससुर राकेश कुमार,सास केसरानी, देवर प्रेम समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया।