कड़ा कुबरी घाट में गंगा स्नान करते श्रद्धालू। संवाद
वसंत पंचमी पर बुधवार को गंगा तट पर आस्था का सैलाब दिखा। जिले के विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर दान-पुण्य किया। कड़ा पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद आदि शक्ति मां शीतला की दरबार में माथा टेका
माघ मास की पंचमी पर पवित्र नदियों में स्नान कर दान-दक्षिणा विशेष फलदायी माना गया है। इसी मान्यता को लेकर बुधवार को भोर से ही गंगा तटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी।
कड़ा के कुबरी घाट, कालेश्वर घाट, हनुमान घाट, वृंदावन घाट, बाजार घाट, अकबरपुर घाट असदपुर, शहजादपुर, पल्हाना, संदीपन एवं फतेहपुर समेत विभिन्न घाटों पर भक्तों ने पहुंचकर पुण्य की डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद भक्तों ने पूजन-अर्चन के साथ ही दान-पुण्य भी किया।
कड़ा में जिले के अलावा गैर जनपदों के तमाम श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए कुबरी घाट पहुंचे। स्नान के बाद भक्तों ने मां शीतला की दरबार में माथा टेक कर पूजन-अर्चन किया।
घाटों पर भीड़ को देखते हुए कड़ा धाम पुलिस-प्रशासन मुस्तैद रहा। कोई गहरे जल मे स्नान न करें इसके लिए गंगा मे बैरिकेडिंग लगाई गई थी। पुलिस के जवान भी स्टीमर से गंगा घाटों पर नजर बनाए रहे।
भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कड़ा चौराहा पर ही बैरिकेडिंग कर दी गई थी। किसी भी चार पहिया वाहन को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। नतीजतन लोग पार्किंग में वाहन खड़ा कर पैदल ही आस्था की डुबकी लगाने गंगा घाट तक पहुंचे।