मृतक सुरेश कुमार की फाइल फोटो।
- फोटो : Sudheer
सदर कोतवाली के चक-नारा गांव के समीप सोमवार दोपहर ईंट लादकर आ रहा ट्रैक्टर बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर सवार एक मजदूर की मौत हो गई जबकि चार लोग जख्मी हुए हैं। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया है।
फतेहपुर जिले के धाता कोतवाली अंतर्गत बछरौली गांव निवासी सुरेश कुमार (30) गांव के संत लाल, कल्लू ,संजय, निवासी केवटमई के साथ ट्रैक्टर में सीमेंट वाली ईंट लादकर टेवां आ रहे थे। ट्रैक्टर धाता के ओमप्रकाश का था। चक-नारा गांव के समीप अचानक सड़क पर आए तेज रफ्तार बाइक सवार को बचाने में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाई। यहां चिकित्सकों ने सुरेश को मृत घोषित कर दिया। अन्य मजदूरों की हालत नाजुक होने पर इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।