जिले के अलग-अलग कोतवाली क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में वृद्धा समेत दो महिलाओं की मौत हो गई। एक को डीसीएम ने कुचला तो दूसरी को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद से पीड़ित परिवारों की रो-रोकर हालत खराब है।
करारी कोतवाली के छिमिरछा गांव की कल्लो देवी (48) का मायका पश्चिमशरीरा थाने के दानपुर गांव में है। बेटे रिंकू ने बताया कि सोमवार को वह अपनी मां को बाइक से लेकर ननिहाल राखी बंधवाने जा रहा था। अषाढ़ा से दानपुर गांव की तरफ मुड़ते ही पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार कल्लो देवी घायल हो गईं। एंबुलेंस से इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई।
इसी तरह कोखराज कोतवाली के नौढि़या आमद करारी निवासी दुर्गा देवी (60) अपने पति श्री प्रसाद के साथ सोमवार को राखी बांधने मायके चरवा के हौसी गांव गई थीं। मंगलवार सुबह घर वापस लौटते समय काजू गांव के समीप शिव मंदिर के पास किसी परिचित के मिलने पर वह बाइक रुकवाकर उतर पड़ी। इसी बीच सामने से आए तेज रफ्तार डीसीएम ने उनको कुचल दिया। गंभीर हालत में उन्हें मंझनपुर के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसकी मौत हो गई।