प्रधानाध्यापक समेत दो शिक्षक निलंबित
एक पर अश्लील हरकत करने तो दूसरे पर शराब पीकर स्कूल आने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। बीएसए कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने शनिवार को अलग-अलग विद्यालयों में तैनात एक प्रधानाध्यापक समेत दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया। प्रधानाध्यापक पर नशे में धुत होकर स्कूल आने और सहायक अध्यापक पर अश्लील हरकत करने का आरोप है।
चायल के कठरा गांव स्थित प्राइमरी स्कूल के सहायक अध्यापक दुर्गापति त्रिपाठी के खिलाफ विद्यालय में महिलाओं से दुर्व्यवहार, छींटाकशी करने, साथी शिक्षकों को डराने-धमकाने, बच्चों से अपनी कार धुलवाने के साथ ही स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम की तैयारियों में खलल डालते हुए अध्यापन कार्य में रुचि नहीं लेने आदि की शिकायतें की गई थीं।
इसी तरह सरसवां ब्लॉक डेढ़ावल गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक रणजीत सिंह के खिलाफ बिना किसी सूचना के विद्यालय से गायब रहने, शराब पीकर स्कूल आने, नशे में स्कूली बच्चों से गाली-गलौज करने आदि के आरोप लगाए गए थे। बीएसए ने शिकायतों की जांच कराई तो दोनों शिक्षकों पर लगे आरोप सही पाए गए। इस पर शनिवार को दोनों के खिलाफ कार्रवाई कर दी गई।
वहीं बीएसए कमलेंद्र कुमार कुशवाहा का कहना है कि उच्च प्राथमिक विद्यालय डेढ़ावल के प्रधानाध्यापक रणजीत सिंह व प्राइमरी स्कूल कठरा के सहायक अध्यापक दुर्गापति त्रिपाठी के खिलाफ गंभीर शिकायतें मिली थीं। शिकायतों की जांच में आरोप की तस्दीक होने के बाद दोनों शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।