पश्चिमशरीरा। कोतवाली क्षेत्र के बरैसा गांव में घर के बाहर शव दफनाने को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने किसी तरह विवाद शांत कराया। मुकदमा दर्ज कर 16 लोगों को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
बरैसा गांव निवासी मुखिया सरोज (75) की रविवार रात मौत हो गई थी। मुखिया के परिजन पड़ोसी लछिन पटेल के घर के सामने अंतिम संस्कार के लिए कब्र खोद रहे थे। विरोध करने पर मुखिया सरोज के परिजन उग्र होकर दरवाजे के सामने ही कब्र बनाने की जिद करते हुए बवाल करने लगे। बात बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हंगामा कर रहे हीरालाल, आनंदी, दशरथ, रमेश, अनिल, भुलई, धीरज, धर्मेंद्र, बनारसी, सूर्य कमल, चंद्रेश, रमाकांत, कुलभूषण, कुलजीत, बाबूलाल, लक्ष्मी सिंह को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया। घटना की रिपोर्ट दर्ज है। तनाव के मद्देनजर गांव में पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
घर के सामने शव दफनाने को लेकर दो पक्ष आमने-सामने हुए हैं। उपद्रव कर रहे एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर चालान न्यायालय भेजा गया है। लछिन पटेल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
- अभिलाष तिवारी, थानाध्यक्ष पश्चिमशरीरा