सैनी कोतवाली के महेशपुर चकिया से डीसीएम में तरबूज लादकर जा रहे थे बेचने
संवाद न्यूज एजेंसी
सिराथू। सड़क हादसे में कौशाम्बी के दो युवकों की वाराणसी में मौत हो गई। जबकि, साथ रहा एक अन्य युवक घायल हो गया। मृतकों में एक डीसीएम चालक है। तीनों डीसीएम पर तरबूज लादकर बेचने के लिए वाराणसी जा रहे थे।
सैनी कोतवाली के मोचारा (कड़ा तीर) निवासी रमेश उर्फ लखन यादव (38) डीसीएम चालक था। वह रविवार को डीसीएम में तरबूज लादकर सैनी कोतवाली के महेशपुर चकिया निवासी अजीत कुमार (30) व कड़ा धाम थाना क्षेत्र के रामपुर बढ़नावा निवासी सुरेश (35) के साथ वाराणसी जा रहा था।
सोमवार भोर में वाराणसी शहर के कछुआ के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित टैंकर से डीसीएम की भिड़ंत हो गई। हादसे में रमेश व अजीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। सुरेश गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के लिए उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डीसीएम के परखचे उड़ गए।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घर-परिवार वाले बिलख पड़े। परिजन शव लेने के लिए वाराणसी रवाना हो गए।