अकेलेपन से परेशान सेवानिवृत्त कॉलरी कर्मी फंदे से लटका
- चरवा कोतवाली के बरौलहा गांव में बुधवार सुबह हुई घटना
- मोहल्ले के लोग करते थे देशराज की देखभाल
चरा कोतवाली के बरौलहा गांव में बुधवार सुबह सेवानिवृत्त कॉलरी कर्मचारी ने घर के अंदर फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। सेवानिवृत्त होने के बाद घर में अकेले रहने की वजह से वह काफी उदास रहते थे। मोहल्ले के लोग ही उन्हें नाश्ता व भोजन दिया करते थे। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बरौलहा गांव निवासी देशराज यादव (63) नागपुर (महाराष्ट्र) स्थित एक कोयले की खदान में कर्मचारी थे। तीन साल पहले वह सेवानिवृत्त हुए थे। देशराज घर में अकेले रहते थे। उनकी पत्नी अपने ननिहाल सरायअकिल कोतवाली के जठिया में रहती है। बेटा पप्पू ट्रक चालक है, जिस वजह से वह भी अक्सर घर से बाहर रहता है। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि अकेलेपन के कारण देशराज उदास रहते थे। बुधवार सुबह एक बच्ची उन्हें चाय देने पहुंची तो देशराज का शव फंदे से लटका देखा। बच्ची ने बाहर निकलकर शोर मचाया तो लोगों को घटना की जानकारी हुई। मोहल्ले के लोगों ने ही पुलिस को खबर दी है।