कनैली चौराहे पास खुले में रखे विद्युत ट्रांसफार्मर के बारे लोगों से जानकारी लेते अवर अभियंता शं
सरायअकिल कोतवाली के कनैली गांव में सोमवार रात चोर ट्रांसफाॅर्मर में लगे तार,उपकरण व तेल चुराकर भाग निकले। इस वजह से करीब 250 घरों की बत्ती गुल हो गई। मंगलवार की सुबह सूचना पाकर मौके पर पहुंचे जेई ने मुआयना किया फिर कोतवाली पुलिस को चोरी की तहरीर दी।
विद्युत उपकेंद्र गोपसहसा से जुडे़ कनैली गांव स्थित विद्यालय के पास विभाग ने 250 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर स्थापित किया है। इस ट्रांसफाॅर्मर से बस्ती के ढाई सौ घरों को विद्युत आपूर्ति की जाती है।
ग्रामीणों के मुताबिक सोमवार को आधी रात बाद करीब दो बजे अचानक बिजली गुल हो गई। लोगों ने समझा कि गड़बड़ी की वजह से उपकेंद्र स्तर से कटौती की गई है।
मंगलवार की सुबह मौके पर क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर का खोखा पड़ा था।तब लोगों को पता चला कि चोर ट्रांसफाॅर्मर का सारा तेल, तांबे के तार व अन्य उपकरण चुरा ले गए। ग्रामीणों ने चोरी की सूचना उपकेंद्र के अवर अभियंता शंकर लाल को दी।
मौके पर पहुंचे जेई ने ट्रांसफाॅर्मर देखने के बाद बताया कि चोर करीब चार लाख रुपये की चपत लगा गए हैं। जेई ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी। इंस्पेक्टर विनीत कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की छानबीन की जा रही है।