मंझनपुर। क्षेत्र के नेता जी सुभाष चंद्र बोस नगर में एक किशोर का घर की दूसरी मंजिल पर फंदे से लटकता शव मिला। किशोर बीमारी से परेशान था। घटना से पीड़ित परिवार के सदस्यों की रो-रोकर हालत खराब हो गई।
नेता जी सुभाष चंद्र बोस नगर ( असकरनपुर मंगरोहनी ) इंद्रबहादुर पाल ने बताया उनके पांच बेटों में चौथे नंबर का बेटा सोनू (15) पिछले कई साल से बीमार रहता था। जिले के अलावा प्रयागराज के अस्पताल में भी उसका इलाज कराया गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। शुक्रवार को परिजन खेत पर काम करने के लिए गए थे। घर में महिलाएं खाना बना रही थीं। इस दौरान सोनू कब घर की दूसरी मंजिल पर पहुंच गया उसे किसी ने नहीं देखा। वहां उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। काफी देर तक सोनू नहीं दिखा तो घरवाले खोजबीन करने लगे। इस दौरान उन्होंने छत पर बने कमरे में शव देखा।
वहीं चरवा कोतवाली के पहाड़पुर निवासी आशीष तिवारी अधिवक्ता हैं। वह चायल तहसील में प्रैक्टिस करते हैं। बृहस्पतिवार को वह कचहरी व बच्चे स्कूल चले गए। घर में उनकी पत्नी कोमल अकेली थी। इस दौरान कोमल ने खुदकुशी कर ली। दोपहर में जब बच्चे स्कूल से घर लौटे तो उन्होंने मां का शव फंदे से लटका देखा। बच्चों की चीख-पुकार पर पड़ोसी भी आ गए। इस पर किसी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंस्पेक्टर विनोद सिंह का कहना है शव के समीप एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड कोमल ने लिखा या किसी और ने जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। संवाद