प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर कौशाम्बी पहुंचे। यहां अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों व योजनाओं की समीक्षा की। राजस्व वसूली से जुड़े सवालों के जवाब न दे पाने पर उन्होंने तीन मंडी सचिवों को निलंबित करने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट के सम्राट उदयन सभागार में बैठक के दौरान राज्यमंत्री ने चिकित्सा, पुलिस, आईजीआरएस, पंचायतीराज, कृषि, शिक्षा, पिछड़ा वर्ग कल्याण समेत अन्य विभागों के कार्यों व योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फरियादियों की छोटी-छोटी समस्याओं का निस्तारण तहसील, ब्लॉक और थाना स्तर पर ही निस्तारण कराएं। सरकार की योजनाओं को लक्ष्य के मुताबिक पात्रों तक पहुंचाया जाए।
सीएमओ डॉ. संजय कुमार से कहा कि सीएचसी और पीएचसी की व्यवस्थाओं की निगरानी व समीक्षा बढ़ाई जाए। किसी भी सरकारी अस्पताल में मरीजों को बाहर की दवा नहीं लिखी जानी चाहिए। डीडी कृषि सतेंद्र तिवारी से कहा कि सोलर पंप से होने वाले फायदों के बारे में किसानों को बताएं और इसका अधिक से अधिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित करें।
राज्यमंत्री ने ऐसे स्थलों की सूची मांगी है, जिन्हें पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। इसके अलावा परिषदीय विद्यालयों में पठन-पाठन के साथ गुणवत्तापरक भोजन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। राज्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत खोदी जा रहीं सभी सड़कों की मरम्मत कराई जाए।
समीक्षा के दौरान उन्होंने अजुहा, ओसा और भरवारी के मंडी सचिव से राजस्व वसूली से संबंधित जानकारी ली। इसमें वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। जिस पर राज्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई। तीनों सचिवों को निलंबित करने के निर्देश दिए। इसी तरह कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा एवं यातायात समेत अन्य विभागों, विकास कार्यों व जिले की समस्याओं पर भी चर्चा की और दिशा निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, डीएम मधुसूदन हुल्गी, एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, सीडीओ अजीत कुमार श्रीवास्तव, पूर्व विधायक शीतला प्रसाद, लाल बहादुर, संजय गुप्ता, नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अध्यक्ष वीरेंद्र फौजी, भरवारी अध्यक्ष कविता पासी मौजूद रहीं।
किसानों में वितरित किए उपकरण व बीज किट
राज्यमंत्री ने सम्राट उदयन सभागार में प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत जगत नारायण, कामता प्रसाद, शिवदानी, पतिलाल, शिवमूरत, रामभवन पाल, मो. हुसैन एवं मो. अफाक अहमद को नैप सेक स्पेयर मशीन दी। इसके अलावा किसान अमर सिंह, राजेश कुमार, बुद्धसेन मौर्य, सुफला और शिव प्रसाद को तिलहन बीज मिनीकिट प्रदान की।
-
मेडिकल कॉलेज का लिया जायजा, रक्तदान शिविर किया उद्घाटन
राज्यमंत्री ने कादीपुर स्थित मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। कॉलेज मॉडल को देखा। प्राचार्य डाॅ. हरिओम कुमार सिंह से इसके बारे में पूरी जानकारी ली। यहां पर लगे रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। इस शिविर में 18 लोगों ने पंजीकरण कराया था। इनमें से छह लोगों ने रक्तदान किया। राज्यमंत्री ने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य है। रक्तदान कई जिंदगी बचाता है। हर किसी को रक्तदान करना चाहिए। उन्होंने पौधारोपण करके पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर दिया।