पूरामुफ्ती कोतवाली के समीप स्थित प्राचीन काली मंदिर की ग्रिल तोड़कर अराजकतत्व दान पेटी उठा ले गए। रविवार सुबह जानकारी होते ही मंदिर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटना की छानबीन की। पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए टूटी ग्रिल की मरम्मत करा दी। जिला पंचायत सदस्य नेपाल सिंह पटेल ने बताया कि जीटी रोड स्थित प्राचीन काली मंदिर के पीछे की जमीन कीमती है।
जमीन कब्जा करने के लिए मंदिर की ग्रिल को तोड़ा गया है। इस बाबत पूरामुफ्ती एसओ अजीत सिंह का कहना है कि भूमि विवाद के चलते मंदिर की जाली तोड़ी गई है।
राजस्व विभाग से संपर्क कर जमीन की पैमाइश कराई गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।