सिराथू ब्लॉक स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सुजातपुर में स्वास्थ्य सुविधाएं बेपटरी हैं। चिकित्सक का पद खाली है। फार्मासिस्ट के भरोसे सेंटर चल रहा है, वह भी लेट आते हैं। बृहस्पतिवार को तो सफाई कर्मी ही मरीजों को डील कर रहा था।
पीएचसी में डॉ. चंद्र शेखर की तैनाती थी, जिनका करीब तीन महीने पहले पीएचसी टेवां के लिए तबादला हो गया। इसके बाद चिकित्सक की कुर्सी खाली है। तब से फार्मासिस्ट ओपी सिंह के सहारे पीएचसी चल रही है। पीएचसी खुलने का समय सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक है। बृहस्पतिवार को सुबह 10.20 बजे तक एक सफाई कर्मी श्रीचंद्र मौजूद रहे। न तो फार्मासिस्ट आए थे और न ही प्रयोगशाला सहायक अफजाल दिखे।कई मरीज डॉक्टर, फार्मासिस्ट को न पाकर वापस चले गए।
वाटर कूलर सूखा पड़ा है। सफाई कर्मी ने बताया कि एक महीने से खराब है।सबमर्सिबल पंप लगा है। जरूरत होती है तो इसी से पानी भर लिया जाता है। पीएचसी के शौचालय की हाल यह है कि दुर्गंध के चलते उधर जाना भी मुश्किल है।
आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि भादवा, गिरधरपुर, बम्हरौली, झंडापुर, निधियावां, कल्यानपुर, अहिरारा, मोहनपुर समेत अन्य कई गांवों से लोग यहां उपचार कराने आते हैं। लेकिन ज्यादातर लोगों को निराश होना पड़ता है। कर्मचारी कभी समय से आते ही नहीं।
-
कई बार पीएचसी में इलाज कराने के लिए गया, लेकिन कभी स्वास्थ्य कर्मी मिले ही नहीं। डॉक्टर का पद ही रिक्त है। फार्मासिस्ट के आने का भी कोई समय नहीं निर्धारित है।
- शिवकरन यादव, बम्हरौली
शरीर में खुजली की वजह से इलाज कराने पीएचसी आया था। डॉक्टर मिले न फार्मासिस्ट। वापस जा रहा हूं। अब मेडिकल स्टोर से दवा लेनी पड़ेगी। इस पीएचसी की सुविधाओं पर उच्चाधिकारियों को ध्यान देना चाहिए।
- मनीष कुमार, बम्हरौली
पीएचसी सुजातपुर में चिकित्सक का पद रिक्त है। इसे जल्द से जल्द भरने का प्रयास किया जाएगा। अन्य कर्मचारियों का समय से पीएचसी न पहुंचना बड़ी लापरवाही है। जांच कराकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. सुनील सिंह
डिप्टी सीएमओ
शहजातपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में खराब वाटर कूलर को दिखाता तीमारदार। संवाद
शहजातपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में खराब वाटर कूलर को दिखाता तीमारदार। संवाद
शहजातपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में खराब वाटर कूलर को दिखाता तीमारदार। संवाद