अंदावा गांव में चोरी के बाद बिखरा सामान। संवाद
कोखराज के अंदावा गांव में रविवार रात दरवाजे की कुंडी व ताला तोड़कर चोरों ने राजगीर के घर से नकदी-गहने समेत लाखों का सामान पार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तहरीर ली और मौके पर छानबीन करने पहुंची।
अंदावा गांव निवासी मोहम्मद अहमद उर्फ गुड्डू प्रयागराज में रहकर टाइल्स लगाने का काम करता है। घर पर उसकी पत्नी-बच्चे रहते हैं। बच्चे की तबीयत खराब होने पर 15 अक्तूबर को गुड्डू पत्नी-बच्चों को भी प्रयागराज अपने साथ ले गया।
रविवार रात उसके ताला बंद घर को चोरों ने निशाने पर ले लिया। सोमवार सुबह पड़ोसियों ने बताया कि घर के दरवाजे में लगी कुंडी और ताला टूटा पड़ा है। इस पर गुड्डू ने घर आकर देखा तो कमरे में रखी आलमारी खुली और सारा सामान बिखरा पड़ा था।
गुड्डू के मुताबिक आलमारी में तीन लाख रुपये नकद और सोने का हार, मंगलसूत्र, टीका, जंजीर, कान की झुमकी व चांदी के गहने समेत चोर गृहस्थी का अन्य सामान उठा ले गए हैं। बताया कि एनएचएआई से मुआवजा मिलने पर उसके पिता ने सभी चार भाइयों को पांच-पांच लाख रुपये दिए थे।
उसी रकम से दो लाख रुपये निकालकर वह बच्चों का इलाज करा रहा है। शेष तीन लाख रुपये आलमारी में रखे थे। पीड़ित की सूचना पर आई शहजादपुर चौकी पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। इंस्पेक्टर दुर्गेश कुमार गुप्ता ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।