चौकीदार की लापरवाही से पल्हाना कछार स्थित राजकीय हाईस्कूल से चोर 13 लैपटॉप उठा ले गए। कौशल विकास मिशन के तहत विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने के लिए लैपटॉप आए थे। पुलिस ने चौकीदार को संदिग्ध मानते हुए पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया है।
कौशल विकास मिशन के तहत राजकीय हाईस्कूल पल्हाना कछार में 140 छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ट्रेनर पिंकी ने बताया कि यहां चार शिफ्ट में प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके लिए कॉलेज के एक हाल में 19 लैपटॉप रखे थे। हाल की सुरक्षा के लिए पांच हजार रुपये मासिक की पगार पर एक चौकीदार रखा गया था। चौकीदार का घर कॉलेज के सामने है।
मंगलवार सुबह 8:40 बजे जब वह कॉलेज पहुंची तो हाल का एक दरवाजा खुला मिला, जबकि दूसरे का कुंडा तोड़ने का प्रयास किया गया था। अंदर जाकर देखा तो 13 लैपटॉप गायब थे। मौके पर एक छेनी और हथौड़ी पड़ी मिली है। घटना की जानकारी पर थानाध्यक्ष भुवनेश चौबे भी आ गए। पुलिस ने चौकीदार से पूछताछ के बाद उसे हिरासत में ले लिया है। अब तक छानबीन में पता चला कि चौकीदार ने एक दरवाजे में ताला ही नहीं लगाया था। इसके अलावा रात को पहरेदारी करने के बजाय वह घर में सो रहा था। थानाध्यक्ष का कहना है तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।