सेंगरहा गांव में सेंध काटकर हुई चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान। संवाद
कोतवाली के सेंगरहा गांव में चोरों ने मंगलवार रात एक साथ तीन घरों में सेंध लगाकर नकदी और जेवरात समेट ले गए। सुबह घरवाले सोकर उठे तो कमरे में समान बिखरा देख दंग रह गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पीड़ितों से तहरीर लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
सेंगरहा गाव निवासी घनश्याम यादव वैवाहिक कार्यक्रम के लिए 25 अप्रैल को कानपुर गए थे। घर पर उनकी पत्नी मंजू देवी अपने दो बेटों और दो बेटियों के साथ भोजन कर बरामदे में सोने चली गईं। देर रात चोर पीछे की दीवार में सेंध लगाकर घर के अंदर घुस गए। चोर बॉक्स और अटैची, आलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद के साथ करीब डे़ढ़ लाख के जेवरात उठा ले गए।
इसके बाद चोरों ने पड़ोसी विनोद प्रजापति के घर को निशाना बनाया। यहां भी पीछे की दीवार में सेंध काटकर घुसे चोर आभूषण व नगदी सहित करीब तीन लाख का सामान समेट ले गए। इसी तरह चोर लाल बाबू के घर से नकदी-जेवरात सहित एक लाख का सामान ले गए। थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है। मुकदमा दर्ज कर घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।