गांधी व शास्त्री जयंती कौशाम्बी के लिए दोहरी खुशियां लेकर आया। एक ओर जहां जिला डिजिटल हाजिरी में प्रदेश भर में अव्वल हो गया, वहीं राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के नामांकन में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। जिले को मिली इस सफलता पर बीएसए ने शिक्षकों को बधाई दी है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा ने बताया कि डीएम मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर शिक्षा व्यवस्था बेहतर हो रही है। डीएम रोज कोई न कोई स्कूल देख रहे हैं। साथ ही उनकी ओर से भी स्कूलों का निरीक्षण किया जा रहा है। अन्य अधिकारी इसमें सहयोग कर रहे हैं।
डीएम समेत अन्य अधिकारी सुधारात्मक निरीक्षण के पक्ष हैं। इसके परिणाम भी सार्थक निकल रहे हैं। इस बार की रैंकिंग में कौशाम्बी डिजिटल हाजिरी में 81 प्रतिशत परिणाम के साथ पहले स्थान पर है। वहीं राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा के नामांकन में 5620 छात्रों के आवेदन करते हुए प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। कार्य की औसत वृद्धि में हम पहले स्थान पर हैं।
बीएसए ने सभी बीईओ, डायट प्राचार्य, प्रवक्ता, एसआजी, संकुल शिक्षक व प्रधानाध्यापकों और शिक्षकों को इसके लिए बधाई दी है।