मंझनपुर। जिले के नामचीन स्कूलों में संचालित 80 स्कूल वाहन भूमिगत हो गए या फिर परिवहन विभाग ने उसे बिसार दिया। इन वाहनों का पंजीयन निलंबित किया जा चुका है। विभाग का दावा है कि वाहन चेकिंग के दौरान ये गाड़ियां सड़कों पर नजर नहीं आतीं। विभाग ने ऐसे वाहनों की लगभग बिसार दिया है। जबकि वाहन बराबर स्कूलों के बच्चों को आवागमन करा रहे हैं।
एआरटीओ तारकेश्वर मल्ल का कहना है जिले के स्कूलों में संचालित कुल 335 वाहनों का पंजीयन है। जिसमें 65 का फिटनेस नहीं है। स्कूल संचालकों को नोटिस जारी किया गया है। जिन वाहनों का फिटनेस नहीं है उनमें ज्यादातर मैजिक हैं। इसके अलावा कई वाहन नोटिस दिए जाने के बावजूद फिटनेस नहीं कराने वाले 125 वाहनों का पंजीयन निलंबित किया गया था। 45 वाहन स्वामियों ने निलंबन बहाल कराया है। 80 वाहन या तो कबाड़ हो चुके हैं या फिर वह स्कूलों में संचालित नहीं हो रहे।
पिछले दिनों चलाए गए अभियान में सड़कों पर मिले छह मैजिक वाहनों को सीज भी किया गया था। इसके बावजूद बिना फिटनेस या पंजीयन निरस्त वाले वाहनों से अगर स्कूली बच्चे लाए जा रहे हैं तो गंभीर बात है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।