महेवाघाट यमुना पुल के पास नाले में मिले बालक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बुधवार को पुलिस ने गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या में तरमीम कर लिया। परिजनों की ओर से किसी को नामजद नहीं किए जाने से पीड़ित परिवार की पुरानी दुश्मनी भी पता कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आधा दर्जन संदिग्ध नंबरों को भी सर्विलांस पर लगाया गया है।
महेवाघाट कोतवाली के बैरागीपुंर निवासी राजेश निषाद उर्फ पृथ्वी पाल का नौ वर्षीय बेटा मोहित रक्षाबंधन के दिन संदिग्ध दशा में घर से गायब हो गया था। खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर पीड़ित पिता ने शाम को कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। अगले दिन मंगलवार सुबह मोहित का महेवाघाट स्थित यमुना पुल के समीप नाले में शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मोहित की गला दबाकर हत्या की पुष्टि के बाद बुधवार को पुलिस ने गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या में तरमीम कर लिया। मृतक के पिता ने करीब 2 साल पहले बेटी के साथ हुई घटना का हवाला देते हुए पुरानी रंजिश की जानकारी दी है। लेकिन, मुकदमे में उसने किसी को नामजद नहीं किया है। फिर भी पुलिस पीड़ित परिवार की पुरानी दुश्मनी को अपने स्तर से टटोल रही है।
महेवाघाट थानाध्यक्ष ने चंद्रभूषण मौर्या ने बताया कि मृतक के घर से लेकर यमुना पुल तक लगे करीब आठ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई है। आधा दर्जन संदिग्धों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं। सीओ कौशाम्बी अभिषेक सिंह का कहना है कि पुलिस के हाथ अहम सुराग लगे हैं। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
-
माह भर पहले अगवा युवती दिल्ली से बरामद
मंझनपुर। पइंसा पुलिस ने माह भर पहले अगवा युवती को दिल्ली से बरामद कर लिया। पइंसा कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पिछले माह कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था कि उसकी 22 वर्षीय बेटी सिराथू स्थित एक निजी अस्पताल में काम करती थी। इस दौरान अस्पताल के मैनेजर अशफाक अहमद व उसके रिश्तेदारों ने बेटी को बहलाया और उसे अगवा कर धर्मांतरण करा दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। दूसरी तरफ युवती ने पलटवार करते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर अपने पिता पर आरोप लगाया कि सौतेली मां के चलते उसे दूसरे के हाथ बेचने की कोशिश की जा रही है। छह माह से उसे घर में बंधक बना कर रखा गया था। इसलिए वह घर से खुद चली गई। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से युवती का लोकेशन ट्रेस करते हुए मंगलवार को उसे दिल्ली से बरामद कर लिया। सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि युवती का मेडिकल आदि कराया जा रहा है। संवाद